भीषण गर्मी के बीच विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को गोधना मोड़ स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायत पंजिका से कुछ उपभोक्ताओं के नंबर लेकर सीधे फोन पर बातचीत की और बिजली कटौती, फाल्ट, कम वोल्टेज तथा शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता की कॉल समय पर न उठाने या शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर, कम वोल्टेज और बिजली आपूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहना चाहिए। शासन की मंशा आम जनता को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रणाली और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।