बकरीद के त्योहार से पहले मुगलसराय में एक विशालकाय बकरा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। करीब 5 से 6 फीट लंबे और 160 किलो से अधिक वजनी इस बकरे को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। उसके साथ फोटो और सेल्फी लेने वालों की भीड़ दिनभर लगी रहती है। बकरे के मालिक जैद अहमद ने बताया कि उन्होंने करीब 11 महीने पहले इस बकरे को खरीदा था। उस समय इसका वजन लगभग 100 किलो था, लेकिन विशेष देखभाल और संतुलित आहार की बदौलत अब इसका वजन 160 किलो से अधिक हो गया है। उन्होंने बताया कि बकरे के पालन-पोषण पर हर महीने करीब पांच हजार रुपये खर्च हुए हैं और अब तक इसकी देखभाल में लगभग 55 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। बकरे को नियमित रूप से हरी घास, चना, दाना और अन्य पौष्टिक आहार दिया जाता था। बेहतर देखभाल के लिए उसे एक मित्र के फार्म हाउस पर रखा गया था, जहां उसकी विशेष निगरानी की गई। जैद अहमद के अनुसार, बकरे को सुरक्षित रूप से मुगलसराय लाने में रेलवे प्रशासन ने भी सहयोग किया। उन्होंने बताया कि उनके भाई रेलवे में टीटी हैं, जिनकी मदद से रेलवे कर्मचारियों ने बकरे को लाने में सहयोग किया। बकरीद नजदीक आते ही यह विशालकाय बकरा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। स्थानीय लोग इसे इलाके के सबसे बड़े बकरों में से एक बता रहे हैं। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इसकी लंबाई और वजन देखकर हैरान हैं। फिलहाल मुगलसराय में यह बकरा कौतूहल, चर्चा और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।