खुर्जा कोतवाली में पुलिस उप महानिरीक्षक के निरीक्षण से पहले पुलिसकर्मियों ने फरियादियों को परिसर से बाहर भेजना शुरू कर दिया। तभी एक महिला को जबरन खींच कर गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें महिला जोर जोर से रो रही है और चीख रही है। साथ ही पुलिस पर लंबे समय से कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रही है। करीब दस से 15 मिनट तक हंगामा चलता रहा। ऐसे में पुलिसकर्मी उसको लेकर चले गए। इसके अलावा एक महिला अधिवक्ता से भी पुलिस की झड़प हो गई। महिला अधिवक्ता पूर्व में दूसरे अधिवक्ता से हुए विवाद को लेकर डीआईजी से मिलना चाहती थी कि पुलिस ने उनको पीछे ही रोक दिया। इसके अलावा चमन विहार कॉलोनी निवासी सुमित अपने भाई की हत्या के मामले में सही जांच की मांग के लिए आए थे। उनको भी पुलिसकर्मी वहां से गाड़ी में बैठाकर ले गए और उनके घर छोड़ दिया।