बुलंदशहर के खुर्जा में नवीन मंडी में धान नहीं खरीदे जाने के कारण अंदर बाहर करीब 400 से ज्यादा ट्रैक्टर ट्रॉली खड़े हो गए। इससे मंडी के अंदर और बाहर जीटी मार्ग पर जाम लग गया। जीटी मार्ग पर लगभग दो किलोमीटर तक ट्रैक्टर ट्राली की लंबी कतार लग गई है। वहीं भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ता किसानों की समस्या को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी अब सिंह ने बताया कि खुर्जा मंडी में धान बहुत ही काम दाम में खरीदा जा रहा है। जहां अन्य मंडियों में 3100 से 3500 रुपए पर प्रति क्विंटल धान लिया जा रहा है। वहीं, खुर्जा मंडी में केवल 2200 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल धान लिया जा रहा। जब किसानों ने इस बात का विरोध किया तो व्यापारियों ने धान खरीदने से मना कर दिया। ऐसे में किसानों के ट्रैक्टर ट्रॉली की लंबी लाइन लग गई। किसान ट्रॉली में हजारों क्विंटल धान लेकर सुबह दस बजे से खड़े हैं और मंडी समिति से अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया।