बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों के विरोध में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने बदायूं के लावेला चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश का पुतला फूंका और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शन के दौरान विहिप कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, जो मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में हस्तक्षेप करने और वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। विहिप नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही हमलों पर रोक नहीं लगी तो संगठन देशभर में आंदोलन तेज करेगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए लावेला चौक पर यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी।