बदायूं में बरेली-मथुरा रोड पर नवादा स्थित संविलियन विद्यालय परिसर में नालों का गंदा पानी आने छात्र-छात्राएं को काफी परेशानी हो रही है। इससे परेशान बच्चे शिक्षकों के साथ शुक्रवार सुबह 10 बजे हाईवे पर पहुंच गए। इससे हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। नवादा चौकी के पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब पांच से सात मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहा। बता दें कि बारिश में नालों का गंदा पानी दुकानों, स्कूलों और घरों तक में भर रहा है। ऐसा ही हाल नवादा स्थित संविलियन विद्यालय का है। नवादा के नाले पर अतिक्रमण होने की वजह से सफाई का काम नहीं हो पा रहा है। इससे बारिश होते ही नालों का गंदा पानी विद्यालय परिसर में भर जाता है। इससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय आते और जाते समय गंदे पानी से होकर कक्षाओं में जाना पड़ता है। रोजाना की समस्या से परेशान छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया था।