बदायूं जिले में स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था पर एक बार फिर से सवाल उठे हैं। स्टेचर न मिलने की वजह से परिवार के लोग चारपाई पर मरीज को लेकर इमरजेंसी पहुंचे। बदहाल चिकित्सा व्यवस्था के चलते आए दिन लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां मरीजों को इमरजेंसी तक ले जाने को वार्ड बॉय, स्टाफ की ड्यूटी रहती है। उनकी जिम्मेदारी होती है कि मरीज को इमरजेंसी तक स्ट्रेचर से पहुंचाया जाए। लेकिन यहां कर्मचारी बैठे नजर तो आते है लेकिन मरीजों को तीमारदार ले जाने को मजबूर हैं। परिजन मरीज की जान बचाने के लिए वाहन की उपलब्धता के अनुसार भले ही बड़े वाहन में चारपाई सहित लेकर आये हों, मगर इमरजेंसी तक चारपाई लेकर पहुंच गए यह बड़ी बात है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। अगर कर्मचारी ड्यूटी पर किसी प्रकार की लापरवाही करते पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।