बदायूं में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को डायट ऑडिटोरियम परिसर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों के स्टॉल लगाए गए। शिविर में समाज कल्याण, कृषि, स्वास्थ्य, श्रम, पंचायती राज, शिक्षा सहित अन्य विभागों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों का पंजीकरण किया। जिला जज/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक संगल ने दीप प्रज्वल्लित कर शिविर का शुभारंभ किया। इसके बाद जिला जज और सीडीओ गामिनी सिंगला ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के बाद विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ दिया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।