बदायूं जिले में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार सुबह से ही कछला गंगा घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह के वक्त हल्की बारिश होती रही, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगी। कांवड़िये और श्रद्धालु गंगा घाट पर पहुंचते रहे। कछला घाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न होने पाए। पीएसी के गोताखोर, एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई। वॉच टावर, छह पुलिस सहायता केंद्र और स्नान स्थल के दोनों तरफ तीन अस्थायी पुलिस चौकी, तीन पार्किंग बनाई गई। पुलिस प्रशासन की तरफ से नगर पंचायत ने स्नान स्थल के पास 30 सीसी कैमरे लगाए गए हैं।