बिजनौर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालय भोले के जयकारों से गूंज उठे। अर्धरात्रि से ही जलाभिषेक शुरू हो गया और बुधवार दोपहर बाद तक शिवालयों में भक्तों की भीड़ लगी रही। हरिद्वार से लाए गंगाजल से कांवड़ियों ने शिवलिंग का अभिषेक किया। शिवभक्तों की सेवा के लिए लगाए गए शिविर महाशिवरात्रि पर संचालित रहे। महाशिवरात्रि पर शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जिला मुख्यालय पर शुगर मिल कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, चामुंडा देवी धाम, कालिका देवी पावन धाम, आदमपुर रोड, गीता नगरी, बालाजी धाम स्थित शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। बेलपत्र, दूध, शहद, बेर एवं मिष्ठान से भगवान शिव की पूजा की गई। झालू। ग्राम धर्मपुरा स्थित स्वयंभू झारखंडी शिव मंदिर पर रात 12 बजे से ही कांवड़ियों की भीड़ जुट गई थी। शाम तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। इस मौके पर मंदिर प्रांगण में मेले का भी आयोजन हुआ। कस्बा झालू के मोहल्ला चौधरियान, छतरी वाला कुआं स्थित शिव मंदिर व ग्राम त्रिलोकपुर, मुकरंदपुर, नवादा, हसनपुर जट, चौकपुरी आदि गांवों में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक किया गया।