विश्व बाघ दिवस के अवसर पर मंगलवार को कार्बेट टाइगर रिजर्व, कालागढ़ में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बाघों के संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों, वन कर्मियों और स्थानीय नागरिकों को बाघों के व्यवहार, उनके पर्यावास और मानव-वन्य जीव संघर्ष को कम करने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी बिंदर पाल ने कार्यक्रम में कहा कि “बाघों के प्रति संवेदनशील होना और उनके प्राकृतिक जीवन को समझना बेहद ज़रूरी है। इससे मानव और वन्य जीवों के बीच टकराव की घटनाएं भी कम हो सकती हैं।” वन अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर स्थानीय पौधों का रोपण कर जंगल के पारिस्थितिक तंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, पर्यावरण प्रेमी और वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।