आबादी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्य जीवों की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। खासकर बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। शनिवार को वन विभाग की टीम ने कालागढ़ के केंद्रीय कॉलोनी, संजय नगर सहित अन्य इलाकों में जाकर लोगों को जागरूक किया और बताया कि किसी भी समय सांप दिखने पर वन विभाग की सहायता ली जा सकती है। दल के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि “हमारी टीम 24 घंटे सक्रिय है। अगर किसी घर, गली या परिसर में सांप निकलता है, तो विभागीय कार्यालय को तुरंत सूचना दें, टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी। इसके साथ ही वन विभाग ने बाघ और हाथियों से बचाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। लोगों को वन्य जीवों के प्रति सजग रहते हुए शांत और सुरक्षित तरीके से व्यवहार करने की अपील की गई है। वन विभाग के इस प्रयास से लोगों में राहत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर विश्वास भी बढ़ा है।