कालागढ़ की रामगंगा नदी में हाथियों का एक झुंड नहाता हुआ दिखाई दिया। वहीं एक हाथी शिव मंदिर पर पूजा करने आए श्रद्धालुओं की ओर दौड़ पड़ा। कालागढ़ में रामगंगा नदी इन दिनों जंगली हाथियों के नहाने का स्थल बन चुकी है। स्टील ब्रिज स्थित प्राचीन शिव मंदिर के नीचे रामगंगा नदी में रविवार सुबह के समय हाथियों का झुंड नहाता हुआ दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु मुकेश यादव ने बताया कि लगभग 12 हाथी नदी में नहा रहे थे। वह रोज के समान मंदिर में पूजा करने गए थे। वहां काफी लोग मौजूद थे। एक हाथी नदी से मंदिर की ओर तेजी से दौड़ता हुआ आने लगा। मौजूद सभी श्रद्धालु स्टील ब्रिज पर पहुंच गए और मोटरसाइकिल से वापस चले गए।