भदोही जिले के जिलाधिकारी शैलेष कुमार की मौजूदगी में शुक्रवार को पाली गांव में राजस्व और कृषि विभाग की टीम ने गेहूं की क्राप कटिंग कराकर उत्पादकता को मापा। दो किसानों के खेत में 43.3 वर्ग मीटर गेहूं की कटाई की गई। जिसमें 18.02 और 14.71 किलो उत्पाद प्राप्त हुआ। डीएम ने किसान पान देवी एवं शीतला प्रसाद के खेत में निर्धारित क्षेत्रफल में क्राप कटिंग कराया। क्राप कटिंग के आधार पर आंकलन किया गया कि प्रति हेक्टेयर 38 क्विंटल उत्पादन होगा। केंद्र सरकार की विकसित सीसीई एग्रो एप के माध्यम से कराई गई। डीएम ने किसानों से संवाद करते हुए कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि सरकारी योजना का लाभ उठाकर सम़ृद्ध बनें। इस दौरान डीएम ने पाली-सुरियावां मार्ग पर नई सड़क की साइड पटरी के कार्य का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि साइड पटरी का कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर एसडीएम ज्ञानपुर भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी इरम मिर्जा, अपर सांख्यिकी अधिकारी रवि प्रकाश, फसल बीमा प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुमार, राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी, लेखपाल चंद्रभान सिंह आदि रहे।