एसडीओ विद्युत की कार्यप्रणाली से नाराज संविदाकर्मियों ने बुधवार को मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। एसडीओ पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाया। कहा कि वे अवैध वसूली के लिए उपभोक्ताओं का कनेक्शन जबरदस्ती काटने का दबाव बना रहे हैं। वहीं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच भी कर रहे हैं। संविदा कर्मियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच की मांग की। संविदाकर्मियों ने बताया कि वे 33/11 केवी गोपीगंज विद्युत उपकेन्द्र पर कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्य लाइन अनुरक्षण व मरम्मत के साथ राजस्व वसूली व बिल जमा कराना है। बताया कि दिसम्बर 2025 से बिजली बिल राहत योजना लागू है। जिसकी सफलता को लेकर वे काम कर रहे हैं। आरोप लगाया कि बीते 15 दिन से उपखण्ड अधिकारी धीरज मिश्रा द्वारा मानसिक रूप से अत्यधिक दबाव बनाने के साथ गाली-गलौच की जा रही है। वहीं नौकरी से निकालने की भी धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं का बिल सही करने के नाम पर अवैध वसूली के लिए कई लोगों के कनेक्शन कटवा दिए। वहीं एक भी उपभोक्ता का बिल भी सही नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने कई मामले में एसडीओ द्वारा पैसा मांगने और लिए जाने का आरोप लगाया। मांग किया कि सभी प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जाए। इस दौरान अशोक मिश्रा, आलोक कुमार, सुरेश कुमार, अयोध्या पाल, लाल बहादुर, देवी प्रसाद, राधेश्याम, विनोद, राजकुमार, अनूप उपाध्याय, रामदास, विलास कुमार, मुलायम यादव, राजन प्रजापति, अनुराग आदि रहे।