नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा शनिवार को भदोही पहुंचे। उन्होंने अभोली ब्लॉक और निर्माणाधीन अभोली सीएचसी का निरीक्षण किया। कहा कि सीएचसी मॉडल होगा। यहां पर कार्डियक जांच, ईसीजी जांच और डायलिसिस की सुविधा भी मिलेगी। प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों संग बैठक कर विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में बैठकर योजनाओं की समीक्षा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि असली जिम्मेदारी है गांवों में जाकर उनकी वास्तविक स्थिति को समझना और जनता से संवाद करना। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अगर गांवों में जाकर काम करेंगे, तभी योजनाओं का असर धरातल पर दिखाई देगा। शासन की हर योजना का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला और कमजोर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांवों का दौरा करें और सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्ति को लाभ मिले और अपात्र को हटाया जाए। उन्होंने सीएचसी पर पहुंचकर निर्माण की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक इसका शुभारंभ कर दिया जाएगा। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की असली ताकत खेती और पशुपालन है। उन्होंने विदेश सब्जी भेजने, खस से इत्र बनाने वाले और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रेरित किया। इसके पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तिलक लगाकर प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।