वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के लालानगर टोल पर आए दिन विवाद बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को एक बार फिर टोल पर विवाद देखने को मिला। पांच वाहनों से प्रयागराज से वाराणसी जा रहे अधिवक्ताओं ने बिना टोल दिए ही बूम उठाकर चले गए। इस बीच कर्मचारियों से उनकी हल्की नोंक-झोंक हुई। टोल प्रबंधक ने गाड़ी नंबर के आधार पर अधिवक्ताओं के खिलाफ गोपीगंज कोतवाली में तहरीर दी। वाराणसी के अधिवक्ता गंगा स्नान करने प्रयागराज गए थे। वहां से वापस लौटते समय टोल प्लाजा पर वाराणसी की तरफ जाते समय टाेल देने से इनकार कर दिया। इसको लेकर टोलकर्मियों व उनके में झड़प हो गई। टोलकर्मियों के अनुसार पांच वाहनों पर बैठे अधिवक्ताओं का कहना था कि बाराबंकी में टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं के साथ हुई बदसुलूकी को लेकर पूरे देश में कहीं भी अधिवक्ता टोल पर शुल्क अदा नहीं कर रहे हैं। इस समय अधिवक्ताओं का सांकेतिक हड़ताल चल रहा है, जब तक मामला नहीं सुलझेगा, तब तक उनका आंदोलन चलता रहेगा और अधिवक्ता कहीं भी टोल शुल्क अदा नहीं करेंगे। आरोप है कि इसके बाद अधिवक्ताओं ने हाथ से बूम को हटाया और बिना टोल दिए ही पांच वाहन लेकर निकल गए। मामले को लेकर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच की। टोल प्रबंधक राकेश रंजन ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जबरदस्ती टोल का बुम हटाकर पांच वाहन निकाल ले गए। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी है। कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है। गोपीगंज कोतवाल शैलेश राय ने कहा कि आज अधिवक्ताओं से टोल को लेकर विवाद हुआ था। जिसकी जानकारी होने पर पुलिस मामले की जांच फुटेज के आधार पर कर रही है। तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।