जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सोमवार को सेंट थॉमस स्कूल में जनगणना प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो प्रतिभागी एक बार नहीं बल्कि जब तक पूरी तरह समझ न आ जाए तब तक जनगणना से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। जिससे भविष्य में कोई दिक्कत न हो। डीएम ने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना 22 मई से 20 जून तक की जाएगी। जनगणना को सुगम और त्रुटिहीन बनाने के लिए जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर द्वारा संयुक्त रूप से दो बैचों में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले दिन फील्ड ट्रेनर्स को पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि पहली बार जनगणना डिजिटल ऐप से की जाएगी। एचएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल जनगणना करने के बारे में बताया गया। डिजिटल ऐप के माध्यम से रियल टाइम डाटा सर्वर पर उपलब्ध हो जाएगा। पहली बार नागरिक अपनी स्वगणना भी पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। स्वगणना सात मई से 21 मई तक पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रत्येक आवंटित क्षेत्र/हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में भौतिक रूप से भ्रमण कर नजरी नक्शा तैयार करना अनिवार्य होगा। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से संकलित समस्त डेटा रियल-टाइम में सर्वर पर उपलब्ध रहेगा। तहसील ज्ञानपुर के नगर पालिका परिषद गोपीगंज, नगर पंचायत ज्ञानपुर, जयराजी पब्लिक स्ककूल, केशव प्रसाद राल्ही पीजी कॉलेज समेत अन्य स्थानों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।