शनिवार को सपा नेताओं ने संभल कूच की जो तैयारी की वो पुलिस की चुस्ती से धरी रह गई। दफ्तर के पिछले गेट से भागे सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप को पुलिस ने सीबीगंज क्षेत्र के झुमका चौराहे पर पकड़ लिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कभी पैदल दौड़ते दिखे तो कभी बाइक पर बैठकर भागे। भागते हुए जिलाध्यक्ष और उनका पीछा करती पुलिस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो शहर भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। खुद जिलाध्यक्ष विरोधी खेमे के सपाई ही एक दूसरे को वीडियो भेजकर चटखारे ले रहे हैं। वहीं जिलाध्यक्ष के समर्थकों में इस बात की भी चर्चा हो रही है कि जिलाध्यक्ष काफी जुझारू हैं जो उन्होंने संभल जाने के लिए हर जतन किया जबकि कई वरिष्ठ नेता अपने आवासों से ही नहीं निकले।