घट स्थापना के साथ बृहस्पतिवार को शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो गए। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। घर-घर कलश स्थापित कर मां की पूजन की जा रही है। शाहजहांपुर के मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे। शहर के चौक मंडी स्थित दुर्गा माता मंदिर, टाउनहाल में नौ दुर्गा मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। यहां पर देवी मां की आरती हुई, जिसमें श्रद्धालु शामिल हुए। माता रानी के जयकारों से मंदिर गूंज उठा। मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भक्तों का आना जारी है। देवी मंदिरों के साथ ही अन्य मंदिरों में भी स्थापित देवी मां के दर्शन व पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।