रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब एक नया मामला सामने आया है। सोमवार को नवल किशोर भारतीय म्युनिसिपल गर्ल्स कॉलेज चंदौसी की छात्राएं मूल्यांकन में हुई गड़बड़ी की शिकायत को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचीं। इनमें एमए गृह विज्ञान की छात्राओं ने एक ही पेपर में फेल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें बिना वजह फेल किया जा रहा है। उनका कहना है कि रिसर्च मेथाडोलॉजी के पेपर में अधिकतर छात्राएं फेल हुई हैं। जबकि उनकी परीक्षा ठीक हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय आने पर एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भेजा जा रहा है लेकिन शिकायत का निस्तारण नहीं किया जा रहा। हंगामा होता देख प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आलोक श्रीवास्तव ने छात्राओं का प्रार्थना पत्र को लिया। उन्होंने छात्राओं को आश्वासन दिया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी।