बरेली में कचहरी चौराहे के पास टेंपो से उतरी महिला के पर्स से जेवर व नकदी चोरी हो गई। महिला ने चालक को पकड़कर टेंपो की चाबी निकाल ली। मामला कोतवाली पहुंचा तो रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। कैंट थाने के गांव नवीनगर निवासी गुड्डू की पत्नी नीरज शुक्रवार दोपहर 12 बजे शाही के खरसैनी गांव में अपनी बहन के घर से ऑटो में बैठी थीं। उन्हें अपने गांव जाने के लिए पहले बरेली आना था। नीरज के मुताबिक, उनके पर्स में सोने की नथनी, बेसर और चांदी का गुच्छा व पांच सौ रुपये रखे थे। कचहरी चौराहे पर उतरी तो किराया देने के लिए पर्स निकाला तो चेन खुली मिली। जेवर व रुपये भी गायब मिले। महिला ने चालक का गिरेबान पकड़ लिया और टेंपो की चाबी भी निकाल ली। हंगामा होता देख आसपास मौजूद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आए। महिला ने कोतवाल को बताया कि रास्ते में कई सवारियां टेंपो में बैठीं और उतरीं, लेकिन चालक ने कई से किराया नहीं लिया। उसे लगता है कि चालक ने ही मिलीभगत करके उनका माल चोरी कराया है।