साइबर अपराध के मामले थम नहीं रहे। बरेली में जालसाजों ने शेयर ट्रेडिंग एप के जरिए एक व्यापारी से 9.21 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित व्यापारी शनिवार को अपने साथियों के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर पुलिस अधिकारियों से मामले की शिकायत की। मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। शास्त्रीनगर निवासी व्यापारी अमित कंचन ने बताया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग करते हैं। एक दिन उनके नंबर पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें बातों में फंसा लिया। उसने ट्रेडिंग एप के जरिए मोटा मुनाफा कराने का झांसा दिया। शुरुआत में 30 हजार रुपये लगाए, तब उन्हें प्रॉफिट कराया। एक दिन दो लाख 35 हजार का प्रॉफिट कराया। इसी तरह उन्हें कई बार फायदा हुआ। इस तरह ट्रेडिंग एप पर 66 लाख रुपये दिख रहे थे। इसमें उनकी मूल रकम 9.21 लाख रुपये है। बीते दो दिनों से एप काम नहीं कर रहा है। जिन मोबाइल नंबर से उन्हें कॉल किया गया था, वे नंबर भी बंद हैं। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की है।