बरेली में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा प्रबंधन समिति की ओर से सिटी सब्जी मंडी स्थित प्राचीन वाल्मीकि मंदिर स्थल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्तिगीतों पर झूमते दिखे। शोभायात्रा को अध्यक्ष अंशु आर्य व स्वागत अध्यक्ष योगेश कुमार बंटी के साथ मुख्य अतिथि विधायक संजीव अग्रवाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। महापौर उमेश गौतम की भी विशेष उपस्थिति रही। शोभायात्रा बिहारीपुर, किशोर बाजार, जीआईसी रोड, कोतवाली मार्ग, श्यामगंज बाजार, माधवबाड़ी मार्ग होते हुए ब्रह्मपुरा वाल्मीकि सद्भावना मेला स्थल पहुंची। यहां मेला अध्यक्ष मनोज थपलियाल ने शोभायात्रा का स्वागत किया। यहां से विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा वापस वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में चंदौसी का मशहूर माता काली अखाड़ा, मुरादाबाद, बदायूं, दिल्ली से आईं विशिष्ट झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भारत, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित झांकियों ने भी मन मोहा। झांकियों के साथ चल रहे लगभग दो दर्जन से अधिक डीजे ने शोभायात्रा में समा बांध दिया। बच्चे, युवा, महिलाएं, पुरुष सभी भजनों पर झूमते नजर आए। बरेली कॉलेज चौराहा पर डीजे की धुन पर मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर झूमते श्रद्धालुओं को देखने के लिए राहगीर भी रुक गए।