बरेली में महाकुंभ पर विवादित बयान देकर सपा के पूर्व विधायक सुल्तान बेग फंस गए हैं। शेरगढ़ थाने में भाजपा नेता वीरपाल सिंह ने सुल्तान बेग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। इसमें पूर्व विधायक सुल्तान बेग पर धर्म विशेष की भावनाएं भड़काने और मुख्यमंत्री को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। बता दें कि सुल्तान बेग ने एक बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री योगी ने कुंभ को शमशान बना दिया है। वहां पर घोर अव्यवस्थाएं हैं जबकि सपा सरकार में वहां काफी व्यवस्थाएं की गई थी। पूर्व विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी वीडियो को आधार बनाकर भाजपा नेता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।