बरेली नगर निगम के वार्ड-तीन (छोटी विहार) के तुला शेरपुर में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था के चलते लोग परेशान हैं। बारिश के दौरान पानी सड़कों पर बहता है। साफ-सफाई की स्थिति भी बदहाल है। स्थानीय लोगों ने ये समस्याएं रविवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में बताईं। मोहल्ले के रहने वाले छेदालाल ने कहा कि यहां की प्रमुख समस्या जलभराव है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने से बारिश के दौरान पानी घरों में घुस जाता है। उन्होंने कहा कि नाले का ढलान एक ओर होने की वजह से यह दिक्कत आती है।
रामऔतार ने कहा कि सफाई कर्मचारी एक-दो गलियों में ही झाड़ू लगाकर चले जाते हैं। नालियों की भी सफाई भी नहीं होती है। कई बार सभासद व सफाई निरीक्षक से शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप है। इसके चलते संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना रहता है। संजय ने बताया कि मोहल्ले में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति बहुत खराब है। गाड़ी वाला कई-कई दिन तक आता ही नहीं। राज ने बताया कि मोहल्ले के एक पार्क बना हुआ है। इसकी भी स्थिति बदहाल है। पार्क की दशा सुधरने पर बच्चों को खेलने व स्थानीय लोगों को टहलने के लिए बेहतर जगह मिल जाएगी। मोहल्ले की मुख्य सड़क टूटी हुई है, मगर कोई जिम्मेदार इसकी सुध नहीं ले रहा।
निगम नहीं कर रहा सुनवाई
क्षेत्रीय निवासी हरीश ने कहा कि मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण है। 60 फुट चौड़ी रोड 30 फुट भी नहीं बची। शिकायत के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा। आकाश ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए रुपये हर महीने लिए जाते हैं, मगर गाड़ी वाले कूड़ा उठाने नहीं आते। इस वजह से गंदगी रहती है।