बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में ढकिया डाम चौकी के पास गांव गोकिलपुर और जगदीशपुर के बीच बहने वाली कुल्ली नदी के किनारे एक खेत में मगरमच्छ देखा गया। रविवार सुबह कुछ ग्रामीण काम करने के लिए खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर मगरमच्छ पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों को कहना है कि नदी में कई बार पहले भी मगरमच्छ को देखा गया है। वह कभी खेतों में आ जाता है तो कभी नदी में चला जाता है। ढकिया डाम चौकी इंचार्ज पुनीत सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। उन्होंने वन विभाग को अवगत करा दिया है। लोगों को नदी के किनारे न जाने की सलाह दी है। वन रेंजर संतोष मठ पाल ने बताया कि ग्रामीणों ने मगरमच्छ होने की सूचना दी है। टीम को भेज कर मगरमच्छ की निगरानी की जाएगी। उसे रेस्क्यू कर पकड़ा जाएगा।