बरेली में कोहरे ने दस्तक दे दी है। शहर से लेकर देहात बुधवार को सुबह सीजन का पहला घना कोहरा छाया, जिसका असर यातायात पर देखने को मिला। दृश्यता 30 से 40 मीटर तक सीमित रहा, जिससे वाहनों की रफ्तार कम हो गई। वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा। शहर में कोहरे का असर सुबह नौ बजे तक बना रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 10 बजे के बाद तक कोहरा छाया रहा। वहीं पछुआ हवा चलने से ठंड भी बढ़ गई है।