रेलवे की तीन महिला टीटीई ने मिलकर बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर महिला यात्री की पिटाई कर दी। इसके बाद यात्री का कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए ले गईं। अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है। आशीष कुमार नाम के यात्री ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो पोस्ट किया है। 2:20 मिनट का यह वीडियो रविवार दोपहर दो बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि तीन महिला टीटीई एक महिला यात्री को प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर घेरे खड़ी हैं। एक टीटीई महिला यात्री को एक के बाद एक कई थप्पड़ मारती है। दूसरी टीटीई महिला यात्री के हाथ पकड़ लेती है। हंगामा होता देखकर प्लेटफॉर्म पर भीड़ जमा होने लगती है। इसके बाद तीनों महिला टीटीई उस महिला यात्री को गिरेवां पकड़कर उसे वहां से घसीटकर ले जाती हैं। पीछे-पीछे एक अन्य महिला यात्री भी जाती हुई दिख रही है। तीनों महिला टीटीई वर्दी में हैं और उनके गले में पहचान पत्र भी है। टीटीई ने यात्री को क्यों पीटा, यह स्पष्ट नहीं हुआ है।