10वीं वाहिनी पीएसी परिसर में मृत मिली हेड कांस्टेबल शिल्पी यादव मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। इटावा से बाराबंकी पहुंचे परिजनों ने मसौली थाने में तहरीर देकर आशंका जताई है कि तैनाती के दौरान प्रेम संबंध में मिले धोखे के कारण शिल्पी ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि परिजनों ने अपनी तहरीर में किसी व्यक्ति का नाम नहीं बताया है। इटावा जिले के बसरेहर थाना क्षेत्र के पत्ता का पुरवा गांव निवासी शिल्पी यादव वर्ष 2016 बैच की सिपाही थीं। वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में थी और इन दिनों वह बाराबंकी स्थित 10वीं वाहिनी पीएसी में संबद्ध थीं। मंगलवार को उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला था। मौके से मिले कथित सुसाइड नोट में उन्होंने खुद को मानसिक तनाव में बताते हुए अपनी मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया था। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों किसी का नाम नहीं लिया है।