मुख्तार अंसारी के करीबी और कथित शूटर रहे शुएब किदवई उर्फ बॉबी को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे शहर से करीब चार किमी दूर असेनी अंडरपास के पास हुई, जहां हमलावरों ने उसकी कार को निशाना बनाते हुए करीब 11 राउंड फायरिंग की। प्रारंभिक जांच में शुएब को चार गोलियां लगीं, जिनमें एक गोली उसके दाहिने गाल को चीरते हुए निकल गई। हाथ और पसली में भी तीन गोलियां धंसी मिलीं। वारदात के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। एडीजी प्रवीण कुमार भी पहुंचे।