बाराबंकी में मौसम में आए उतार-चढ़ाव के चलते जिला अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक मरीजों की भीड़ लगी रही। इमरजेंसी वार्ड के सभी बेड भरे होने के कारण कई मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। डॉक्टर को दिखाने से लेकर दवा लेने तक मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बदलते मौसम के कारण जुखाम, बुखार, सर्दी, पेट दर्द और उल्टी के मरीजों की संख्या अधिक रही। वहीं अस्पताल की पर्ची काउंटर और दवा काउंटर पर भी सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा न मिलने के कारण वापस लौटना पड़ा। इस संबंध में अस्पताल के सीएमएस जेपी मौर्य ने बताया कि अल्ट्रासाउंड करने वाली डॉक्टर होली से पहले एक सप्ताह की छुट्टी पर हैं, जिसके कारण फिलहाल अल्ट्रासाउंड की सेवा उपलब्ध नहीं हो पा रही है।