बाराबंकी में बरसात का मौसम जिला अस्पताल के लिए बड़ी चुनौती लेकर आया है। बुखार व अन्य संक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या हरदिन बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि रोजाना अस्पताल की ओपीडी में डेढ़ हजार से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं इमरजेंसी वार्ड में हर रोज पचास से अधिक बुखार पीड़ित मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। वार्डों में हालात इतने गंभीर हैं कि बेड फुल हो चुके हैं। कई मरीजों को स्ट्रेचर और बरामदे में बैठाकर इलाज करना पड़ रहा है। परिजनों की भीड़ से वार्डों में कदम तक रखना मुश्किल हो गया है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के परिजनों का कहना है कि डॉक्टर और दवा तो मिल जा रही है, लेकिन भीड़ के चलते इलाज में काफी वक्त लग रहा है। कई लोग कई-कई घंटे इंतजार करने को मजबूर हैं। काशीराम कॉलोनी के रिंकू गौतम ने बताया कि उनकी मम्मी को काफी बुखार था, लेकिन डॉक्टर राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया। यहां बेड फुल हैं। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि भीड़ के बीच इलाज की बेहतर व्यवस्थाओं के प्रयास जारी है।