यूपी के बाराबंकी के दौरे पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को पूरे अवधी रंग में नजर आए। भाजपा कार्यकर्ताओं को अवधी भाषा में संबोधित करने के बाद जब वह बाहर आए तो अमर उजाला से खास बातचीत की। उन्होंने कैमरे के सामने देशी अंदाज में जवाब दिए। जैसे ही सवाल हुआ कि जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ क्यों नहीं है, तो ब्रजेश पाठक ने बिना हिचक अवधी में कहा- 'अरे भइया, जेकरे पोस्टिंग करौ, उ त छुट्टी प चल जात हय! कोई नीक डाक्टर जानत होइ तौ बताव, हम तुरन्तै बाराबंकी मा पोस्ट कराइ देब।' हल्की मुस्कान... देसी ठाठ और सवाल पर सटाक से टिप्पणी। जब उनसे पूछा गया कि बाराबंकी में सड़क हादसे बढ़ रहे हैं, साल में 500 मौतों का आंकड़ा छू रहा है, तो डिप्टी सीएम ने कैमरे की ओर देखते हुए जैसे सख्त अपील की...'भैया, हम बार-बार कहत हई, तरल पदार्थ पीकै गाड़ी कतई न चलाव! सड़क सुरक्षा सप्ताह हम मनावत हई, बाकी नवजवान खुदे सावधान रहैं।'