बाराबंकी में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व सुनियोजित बनाए रखने तथा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस द्वारा यातायात माह का शुभारंभ किया गया। रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चन्द्र त्रिपाठी ने जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं। ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें तथा वाहन निर्धारित स्थल पर ही पार्क करें। एएसपी त्रिपाठी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करके हम न केवल खुद को बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, होमगार्ड कमांडेंट बी.के. सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार, यातायात प्रभारी रामयतन यादव सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।