बाराबंकी में मंगलवार को यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सवर्ण आर्मी ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यूजीसी के नए नियमों में समाज को दो हिस्सोंशोषक और शोषितमें बांटने का प्रयास किया गया है। उनका कहना था कि नियमों के प्रभाव से यह संदेश जाता है कि सवर्ण समाज को शोषक के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित और भ्रामक है। सवर्ण आर्मी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे नियम सामाजिक समरसता को तोड़ने वाले हैं और इससे समाज में अनावश्यक वैमनस्य पैदा होगा। संगठन ने यूजीसी से नियमों पर पुनर्विचार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि इन्हें वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में कुछ देर तक नारेबाजी भी हुई, हालांकि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। जिलाध्यक्ष राहुल वाजपेई ने बताया कि इसे लेकर संगठन आर पार की लड़ाई लड़ेगा।