मंगलवार को बाराबंकी शहर के ज्यादातर स्कूलों में होली का उल्लास देखने को मिला। सरकारी से लेकर निजी स्कूलों तक बच्चों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली खेली। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए बच्चों ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया। होली महोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी रंगों के इस त्योहार का आनंद उठाया। बच्चों ने होली के पारंपरिक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए और राधा-कृष्ण की झांकी के रूप में मित्रों संग होली खेली। पूरे स्कूल परिसर में उमंग और उल्लास का माहौल बना रहा। शिक्षकों ने बच्चों को होली के महत्व के बारे में बताया और सभी को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। इस रंगारंग उत्सव में बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी।