बाराबंकी जिले के सरावगी स्थित दिगंबर जैन मंदिर में बृहस्पतिवार दोपहर पूजा अर्चना के बाद गाजे बाजे के साथ भगवान पार्श्वनाथ और चंद्रप्रभु की शोभायात्रा निकाली गई। आर्यिका विन्ध्य माता जी की अगुवाई में झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालुओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया और रास्ते भर पुष्पवर्षा हुई। व्यापारियों ने अपनी दुकान के आगे फूलों की रंगोली और पुष्प बिछा रखे थे। सड़क के दोनों ओर श्रद्धालु पहले से ही पूजा की थाल सजाए खड़े थे। आर्यिका विन्ध्य माता जी के पहुंचते ही आरती उतारी और आशीष मांगा। महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। शोभायात्रा निकलने वाले मार्ग में श्रद्धालुओं ने प्रसाद का वितरण किया।