दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। आलम ये रहा कि चिकित्सक कक्ष से लेकर मुख्य दरवाजे तक मरीजों की कतारें लगी रही। जिसका असर मरीजों के इलाज पर भी देखने को मिला। चिकित्सक ने मरीज को एक मिनट में ही देखकर इलाज कर दिया। जिला अस्पताल की ओपीडी में पर्चा बनवाने से लेकर चिकित्सक को दिखाने व दवा लेने तक मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खून की जांच, एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड के लिए भी मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। करीब डेढ़ घंटा लाइन में लगने के बाद चिकित्सक मर्ज सुनकर एक मिनट में दवा व जांच लिखकर बाहर भेज दे रहे थे। यही हाल जिला महिला अस्पताल का भी रहा।