सुनसान स्थानों पर राहगीरों से झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को कालिंजर पुलिस ने सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। कालिंजर थाना क्षेत्र के बरुआ गांव के रहने वाले विद्यानंद राजपूत ने 15 जनवरी को थाने में सूचना दी थी कि वह बरुआ गांव में एक नाई की दुकान के पास बैठा था, तभी बाइक पर दो लोग आए और उसके हाथ में झपट्टा मारकर मोबाइल छीन ले गए। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस ने कालिंजर-सतना बार्डर के पास से मध्य प्रदेश के सतना जिले के श्रीनगर गांव के शिवम अहिरवार व विमल अहिरवार को गिरफ्तार किया है। उधर, उनके कब्जे से छीना गया एंड्रायड मोबाइल व एक बाइक व तीन अन्य मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी टीम में कालिंजर इंस्पेक्टर दीपेंद्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी गुढ़ाकला कृष्ण प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।