गर्मी के मद्देनजर बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी ने कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय व निजी विद्यालयों को भीषण गर्मी में सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक शिक्षण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए हैं। लेकिन बीएसए के निर्देश पर निजी विद्यालयों की मनमानी भारी पड़ रही है। बुधवार को कई निजी विद्यालय आदेश को धता बताते हुए दोपहर 12 बजे के बाद खुले मिले। जिलाधिकारी के निर्देश पर गर्मी के मद्देनजर स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। अधिकांश विद्यालयों ने तो आदेश का पालन किया लेकिन कुछ निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य व शिक्षको को इसकी परवाह नहीं रही। दोपहर 12 बजे के बाद भी शिक्षण कार्य जारी रहा। अवकाश होने पर दोपहर की तेज धूप में बच्चे स्कूल से बाहर निकलकर घर जाते नजर आए।