बिसंडा थाना क्षेत्र के सिकलोढ़ी गांव में होलिका दहन देखने गए युवक की उसके दोस्त ने ही गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। सुबह सड़क किनारे उसका शव मिला तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। उसके सिर में भी चोट के निशान मिले। होलिका दहन के बाद युवक ने दोस्तों के साथ शराब पी थी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोस्त व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। हत्या के पीछे आरोपी के परिवार की एक युवती के साथ छींटाकशी की बात सामने आई है। सिकलोढ़ी गांव निवासी देवीदीन का पुत्र अभिलाष (45) गुरुवार रात में 10 बजे घर से होलिका दहन देखने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह नहीं लौटा। शुक्रवार को तड़के करीब पांच बजे उसका शव गांव के ही मनका तालाब अहिरन पुरवा के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक के गले में गमछे का फंदा कसा हुआ था और सिर पर चोट के निशान थे।