अतर्रा व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच लाख रुपये कीमत का चोरी का माल, बाइक, मोबाइल फोन, नकद रुपये व तीन तमंचे बरामद किए गए हैं। बदमाश आसपास के जनपदों समेत मध्य प्रदेश में सुनसान घरों, दुकानों से कीमती सामान, आभूषण व भीड़ वाले स्थानों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। सीओ अतर्रा प्रवीण यादव ने बताया कि 11/12 नवंबर को अतर्रा के नरैनी रोड स्थित एक मकान से आभूषण तथा नकदी व 21 नवंबर को अतर्रा स्टेशन रोड से एक बाइक चोरीह पर रिपोर्ट दर्ज की गईं थीं। मंगलवार को अतर्रा व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने पंजाब के अमृतसर के थाना मजीठा क्षेत्र के रतन सिंह चौक निवासी संदीप सोनी, कालिंजर थाना क्षेत्र के महुई छतैनी गांव निवासी प्रेमबाबू रैदास, अवंतीनगर अतर्रा रोड शहर कोतवाली निवासी अनवार उर्फ अन्नू व मध्य प्रदेश के प्रकाश बबौरी थाना क्षेत्र के बदौरा गांव निवासी दीपू रैकवार को गिरफ्तार किया है। तलाशी में उनके पास तीन तमंचा, चोरी के आभूषण पिघलाकर बनाए गए चांदी के चार टंच, चार टंच सोने का टुकड़ा, सात मोबाइल फोन, चार व 10 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि वह चार लोग अपने दो साथियों के साथ मिलकर गिरोह बनाकर बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट समेत मध्य प्रदेश में बंद घरों, दुकानों के ताले तोड़कर घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके दो अन्य साथी कुशवाहा नगर निवासी सोनू साहू उर्फ मुनुवा व रामामंडी जालंधर कैंट, पंजाब निवासी रोहित उर्फ बिक्की फरार हैं। गिरफ्तारी टीम में अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह व उनकी टीम व एसओजी प्रभारी आनंद सिंह व उनकी टीम शामिल रही। प्रेमबाबू के खिलाफ नौ, दीपू रैकवार के खिलाफ सात, अनवार के खिलाफ छह, संदीप सोनी के खिलाफ 10 मुकदमें प्रचलित हैं।