विकास भवन परिसर स्थित जिला पंचायत एवं रिसोर्स सेंटर में मंगलवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनांतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विकास सूचकांक, पंचायत उन्नत सूचकांक (पीआईआई) और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) पर केंद्रित रही। कार्यशाला का शुभारंभ देवीपाटन मंडल के पंचायत उपनिदेशक गिरीश चंद्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर विनीत सागर और मीरा देवी ने सतत विकास लक्ष्य, जीपीडीपी और पीडी से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को ग्राम पंचायतों के समुचित विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में कुल 92 प्रतिभागियों ने भाग लिया और ग्राम पंचायतों को सुसंगठित, हरित, सुरक्षित और न्याय संगत बनाने का संकल्प लिया। समापन अवसर पर वरिष्ठ फैकल्टी हरकीरत सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।