बलरामपुर। जिले में बुधवार को अचानक एक बार फिर डीजल भरवाने के लिए मारामारी शुरू हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर जिला मुख्यालय तक डीजल की टंकियां सूखी रहीं। किसान गैलन-डिब्बा लेकर एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए। वहीं पूर्ति विभाग रविवार व मंगलवार को छुट्टी होने के कारण स्टॉक न आने की दुहाई दे रहा है। उतरौला, शिवपुरा, तुलसीपुर, गैसड़ी व पचपेड़वा सहित जिला मुख्यालय तक पंपों पर उपभोक्ताओं को डीजल नहीं मिल पाया। डीजल न मिलने से किसान अपने फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। सिंचाई न होने से गन्ना और सब्जियों की फसल सूख रही है।