बलरामपुर में अमर उजाला फाउंडेशन ने शनिवार को सेंट जेवियर्स स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। पाठशाला में इस बार महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन के साथ ही कॅरिअर को लेकर भी जानकारी दी गई। हरेक मुद्दे पर अधिकारियों ने खुलकर अपनी बात कही। कहा कि आज के दौर में हर कोई इंटरनेट से जुड़ा है, ऐसे में इसका उपयोग सकारात्मक कार्य में करें। कार्यक्रम में छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से सवाल जवाब कर जानकारियां हासिल की। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य आसिम रूमी, समन्वयक राजेश जायसवाल, लईक अंसारी, रिजवाना सिद्दीकी, आफाक हुसैन, अमित कुमार, जया मिश्रा, संजय सिंह तोमर, मनमोहन ओझा सहित अन्य ने विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि पुलिस की पाठशाला का मतलब है कि आप जो चीजें यहां से सीखें, उसे जाकर अपने घर पर परिजनों को बताएं। इससे काफी कुछ बदलाव आएगा। सामाजिक गतिविधियों में परिवर्तन होगा। कहा कि अगर किसी चीज में आप बदलाव चाहते हैं तो खुद में भी उसके अनुरूप चेंज लाना होगा। जब आप बदलाव का हिस्सा बनते हैं तो समाज का भी साथ मिलता है। ज्ञान से ही किसी क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है। कहा कि पुलिस से अपनी बात खुलकर कहें, हम आपके साथ हैं। समस्या का त्वरित निराकरण होगा। हर आदमी अपने आप में पुलिस है, ऐसे में वह खुद सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी सुरक्षा प्रदान करें। अन्याय को सहना भी गलत है। ऐसे में अगर कोई प्रताड़ित करता है तो तत्काल उसकी जानकारी पुलिस को दें। एसपी ने कहा कि सबसे ज्यादा अस्वाभाविक मौतें सड़क हादसे के कारण होती है, ऐसे में खुद यातायात नियमों का पालन करें और अन्य को भी प्रेरित करें। आज इंटरनेट से हर कोई जुड़ा है, ऐसे में इसका प्रयोग पाजिटिव कार्य में सकारात्मक सोच के साथ करें।