बलरामपुर में बहुप्रतीक्षित मथुरा घाट पुल के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे इस पुल के निर्माण के लिए आवश्यक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नेवार, सांचा और श्रमिकों के रहने के लिए क्वार्टर के साथ-साथ आवागमन हेतु सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रगति को देखकर स्थानीय ग्रामीण बेहद खुश हैं और सरकार का आभार व्यक्त कर रहे हैं। राज्य सेतु निगम के कर्मचारी गुले यादव ने बताया कि पुल निर्माण से संबंधित सभी उपकरण आने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्माण कार्य शीघ्र ही गति पकड़ेगा। 74 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से श्रावस्ती और बलरामपुर जिलों के कई गांव सीधे जुड़ जाएंगे। इससे न केवल तपोस्थली श्रावस्ती, कटरा, इकौना, बलरामपुर, बहराइच जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की दूरी कम होगी, बल्कि बलरामपुर जिले के तुलसीपुर देवीपाटन मंदिर, सिरसिया के विभूति नाथ मंदिर और मुख्यालय भिनगा की यात्रा भी सुगम हो जाएगी। बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव और बाढ़ से बचाव का भी यह एक प्रभावी उपाय साबित होगा। स्थानीय निवासी रामचंद्र निषाद, प्रमोद पासवान, फौजदार गुप्ता, अवधेश प्रसाद निषाद, पुल्लुर निषाद, राजेंद्र निषाद और सुनील निषाद ने पुल निर्माण की खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे आवागमन आसान होगा और वे विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने बताया कि पुल बनने के बाद उन्हें कोडरी घाट से घूमकर जाने वाली लगभग 20 किलोमीटर की दूरी से निजात मिलेगी और वे बहुत कम दूरी में अपने गंतव्य तक पहुंच पाएंगे। यह पुल क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।