बलरामपुर में कुवैत का फर्जी वीजा बनाकर 4.35 लाख रुपये हड़पने के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा है। दूतावास से वीजा दिए जाने का सत्यापन कराने के दौरान फर्जी पाया गया है। उतरौला कोतवाली की पुलिस ने कार्रवाई की है। इस पूरे गिरोह का मास्टर माइंड दुबई में है। पुलिस उस पर शिकंजा कस रही है। एसपी विकास कुमार ने शनिवार को मामले का खुलासा किया। बताया कि तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी शकील अहमद ने बीते 13 अक्तूबर को उतरौला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। कहा था कि गैड़ास बुजुर्ग थाना के मझौवा कुर्थवा वर्तमान पता सिफा हॉस्पिटल के सामने डुमरियागंज रोड उतरौला निवासी मो. ताहिर खान व उतरौला कोतवाली के नयानगर विशुनपुर निवासी ताहिर अली ने वीजा के नाम पर ठगी की। विवेचना के दौरान पाया गया कि दोनों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर शकील सहित अन्य अन्य कई लोगों के साथ भी कुवैत का वीजा बनवाने के नाम पर 4.35 लाख रुपये हड़प लिया। कूटरचित वीजा तैयार करके पीड़ितों से मेडिकल के नाम पर 50 हजार रुपये व मेडिकल फेल हो जाने के नाम पर एक लाख रुपये ठग लिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव के निर्देशन में पुलिस ने वीजा का दूतावास से सत्यापन कराया। इसमें भी वीजा फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को ताहिर अली निवासी नयानगर विशुनपुर थाना उतरौला के अतिरिक्त प्रकाश में आये मोहम्मद आरिफ व मोहम्मद अहमद निवासी मझौवा कुर्थुवा थाना गैंडास बुजुर्ग जनपद बलरामपुर हाल पता ग्राम लालगंज उतरौला जनपद बलरामपुर को गिरफ्तार किया है।