यूपी के बलरामपुर में बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे नाले में गिर गई। हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि, चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे मेडिकल कॉलेज, बहराइच के लिए रेफर किया गया है। हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के नरकटिया गांव निकट विकास भवन मोड़ के पास हुआ। बताया गया कि उतरौला क्षेत्र निवासी पांच लोग इलाज कराने के लिए बहराइच जा रहे थे। नरकटिया गांव के पास बाइक सवार सामने आ गया। वाहन चालक गुलाम रसूल ने बाइक को बचाने के लिए गाड़ी बाईं तरफ मोड़ दी। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सुआव नाले में गिर गई। इसी समय एक एसएसबी जवान वाहन कार्यालय जा रहा था। हादसा देखकर वह और कुछ और लोग रुक गए। उन्होंने गड्ढे में उतरकर सभी लोगों को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक प्रेमा देवी (30) निवासी बायभीट श्रीदत्तगंज और उनके बहनोई गनेशपुर उतरौला निवासी सिताराम (50) की मौत हो गई। जबकि, बहरैची (25) निवासी कांधभारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतका प्रेमा के पति तुलाराम को चोटें आई हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। वहीं वाहन चालक गुलाम रसूल भी घायल है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि एसएसबी व पुलिस के जवानों ने लोगों को निकाल लिया था। इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।