अफसरों व कर्मियों के साथ जुड़े वकीलों ने बुधवार को राज्य कर विभाग का स्थापना दिवस धूमधाम केे साथ मनाया। केक काटकर राज्य कर विभाग के देश के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त राज्य कर अभिषेक गुप्त ने कहा कि व्यापारियों से टैक्स जुटाकर विभाग देश के विकास में शानदार योगदान दे रहा है। 26 फरवरी 1948 को राज्य कर विभाग का गठन किया गया था। तबसे विभाग शानदार योगदान दे रहा है। उन्होंने जिले के व्यापारियों से अपील किया कि देश के विकास में योगदान देने के लिए समय पर टैक्स जमा करें। सहायक आयुक्त राज्य कर डॉ. मनोज कुमार ने कार्यक्रम का संचालन कर विभाग के योगदान को बताया। सहायक आयुक्त राज्य कर प्रवीण कुमार सिंह, राज्य कर अधिकारी प्रवीण कुमार व फैसल खान ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष इंदुभूषण जायसवाल व मंत्री अभय प्रताप सिंह, बलरामपुर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्त, संगठन मंत्री आशीष कुमार मिश्र, सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव व कोषाध्यक्ष प्रहलाद कुमार चौहान ने भी राज्य कर विभाग की स्थापना दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होकर योगदान को बताया। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ अधिवक्ता भी मौजूद रहे।